छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं हिन्दी विषय की पुनर्परीक्षा आज जिले के सभी निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। प्रशासनिक सजगता, सुदृढ़ प्रबंधन और सतत निगरानी के चलते परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया।
जिले में इस पुनर्परीक्षा के लिए लगभग 119 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे, जिनमें करीब 11 हजार परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व ही सभी केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई थीं। विद्यार्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।
अनुचित साधनों के प्रयोग पर रोक लगाने के लिए उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया था। इन दलों ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का लगातार निरीक्षण कर परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही इस बार गोपनीय सामग्री की सुरक्षा को लेकर भी अतिरिक्त सावधानी बरती गई। थाना एवं चौकी में सुरक्षित रखी गई गोपनीय सामग्री को केन्द्राध्यक्षों को वितरण से पूर्व राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा सत्यापित किया गया, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सकी।
परीक्षा के सफल संचालन हेतु नोडल अधिकारी के रूप में बलौदा बाजार डिप्टी कलेक्टर अरुण सोनकर ने समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला।
जिले में परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या अव्यवस्था की सूचना प्राप्त नहीं हुई। प्रशासन की सजगता और सुव्यवस्थित प्रबंधन के चलते विद्यार्थियों ने शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा दी, जो जिले की व्यवस्थागत क्षमता और प्रतिबद्धता का सकारात्मक उदाहरण है।