सोशल मीडिया एप Telegram के माध्यम से बिटकॉइन खरीदकर कंपनी में निवेश कराने के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने राजस्थान से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने प्रार्थी से कुल ₹12,43,250 की ठगी की थी।
प्रार्थी भानु प्रसाद भारद्वाज, निवासी पंचशील नगर बलौदाबाजार, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 अप्रैल 2022 को टेलीग्राम पर विभिन्न आईडी के जरिए संपर्क कर उसे बिटकॉइन खरीदने और उसे एक कंपनी में निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का लालच दिया गया। आरोपी द्वारा भरोसा दिलाया गया कि कंपनी निवेश की गई राशि पर अत्यधिक रिटर्न देगी।
झांसे में आकर प्रार्थी ने बिटकॉइन खरीदा। इसके बाद आरोपी द्वारा फर्जी ईमेल लिंक भेजकर नेट बैंकिंग के माध्यम से किस्तों में कुल ₹12,43,250 की रकम निवेश करवाई गई। जब प्रार्थी ने अपनी राशि वापस मांगनी चाही तो कंपनी और संबंधित आईडी द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया। तब उसे एहसास हुआ कि वह सुनियोजित साइबर ठगी का शिकार हो चुका है।
मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 843/2022 धारा 420, 406, 34 भादवि एवं 66 डी आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण करते हुए टेलीग्राम आईडी, फर्जी ईमेल लिंक और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की। साइबर ट्रेल के आधार पर आरोपी सुभाष चंद्र धायल, उम्र 31 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07 चारनवास नाडा, थाना खाटू श्याम सदर थाना अलोदा, जिला सीकर (राजस्थान) तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को सीकर, राजस्थान से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने टेलीग्राम के माध्यम से बिटकॉइन निवेश का झांसा देकर ठगी करना स्वीकार किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ है कि साइबर अपराधी भले ही तकनीक का सहारा लेकर अलग-अलग राज्यों में बैठकर लोगों को निशाना बनाएं, लेकिन पुलिस की तकनीकी दक्षता और सतर्कता के आगे उनकी चालें ज्यादा दिन नहीं चलतीं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निवेश संबंधी किसी भी लालच या अनजान लिंक पर भरोसा न करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।
यह गिरफ्तारी साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की प्रभावी कार्रवाई का मजबूत उदाहरण है और आमजन में विश्वास जगाने वाली है।