श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पंडरिया में भक्ति, उल्लास और दही हांडी के रोमांच ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं भव्य दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की गई। पंडरिया, कुई-कुकदुर और दुल्लापुर मंडल की 15 टोलियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
दही हांडी फोड़ने के लिए युवाओं के बीच हुए रोमांचक मुकाबले ने दर्शकों को खूब उत्साहित किया। गोविंदा टोलियों ने साहस, अनुशासन, एकजुटता और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए हांडी तक पहुंचने का प्रयास किया। हर प्रयास के साथ मैदान तालियों और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में ग्राम रौहा और केसलीगोडान की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को ₹25 हजार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। मैनपुरा की टीम द्वितीय रही, जिसे ₹15 हजार एवं ट्रॉफी तथा स्टार गोल्ड पंडरिया की टीम तृतीय रही, जिसे ₹11 हजार एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
विधायक भावना बोहरा ने सभी प्रतिभागी युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि कर्तव्य, साहस, नीति, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी जैसे पर्व नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि दही हांडी प्रतियोगिता युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को मजबूत करती है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भावना बोहरा ने आयोजन के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा में विकास के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं को सहेजने का प्रयास भी निरंतर जारी है।
जन्माष्टमी महोत्सव की श्रृंखला के तहत 5 सितंबर को बजरंग चौक, दशरंगपुर में इन्दौरी एवं रणवीरपुर मंडल के संयुक्त आयोजन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें दोनों मंडलों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा मोर्चा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।