कवर्धा। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 पर पुरूर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाट में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में छह युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में कबीरधाम जिले के पांच और मुंगेली जिले का एक युवक शामिल है। हादसे की खबर से कबीरधाम सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक ‘कृष्णा धुमाल पार्टी’ से जुड़े थे। बताया गया कि युवक पिकअप वाहन में साउंड सिस्टम और संगीत उपकरण लेकर रायपुर में गणेश विसर्जन कार्यक्रम के बाद जगदलपुर जा रहे थे। इसी दौरान मरकाटोला घाट के पास उनका वाहन खराब हो गया।
वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर कुछ युवक उसे ठीक करने का प्रयास कर रहे थे, जबकि कुछ अन्य मैकेनिक की तलाश में गए थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा अनाज से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े युवकों और उनके वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक की चपेट में आए युवकों को करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया।
दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चार युवकों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान चारों ने भी दम तोड़ दिया। एक साथ छह युवाओं की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
1. कोमल साहू पिता भगवानी साहू उम्र 20 वर्ष साकिन ग्राम सिलहाटी, पोड़ी के पास थाना बोड़ला जिला कवर्धा
2. अनीश पात्रे पिता विजय पात्रे उम्र 22 वर्ष साकिन ग्राम मानिकपुर, पोड़ी के पास थाना बोड़ला जिला कवर्धा
3. दीपक कुम्हार पिता स्व. महेश कुम्हार उम्र 17 वर्ष साकिन ग्राम वार्ड नंबर 17 कुम्हार पारा मुंगेली जिला मुंगेली
4. राजा सावरा पिता इंदल सावरा उम्र 27 वर्ष साकिन मकान नंबर 02 मिनीमाता चौक वार्ड 17 कबीरधाम जिला कवर्धा
5. कृष्णा चौहान पिता संजय चौहान उम्र 18 वर्ष साकिन वर्तमान ग्राम पोड़ी जिला कवर्धा ( नानी का घर) मूल ग्राम डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव
6. सुंदर लाल साहू पिता गोकुल साहू उम्र 29 वर्ष साकिन ग्राम कुसुमघटा थाना बोड़ला जिला कवर्धा
घटना की सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई गई। पुलिस ने हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका को लेकर जांच शुरू कर दी है।
गणेश विसर्जन कार्यक्रम के बाद संगीत उपकरण लेकर जगदलपुर जा रहे इन युवकों का सफर मरकाटोला घाट में हुए हादसे के कारण थम गया। छह युवाओं की असमय मौत ने उनके परिवारों और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोगों ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।