कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के साथ डकैती की घटना हुई थी। आरोपियों ने मछरीरेवार मंदिर घाटी के ठीक पहले मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर प्रार्थी और उसके साथ मौजूद व्यक्ति पर डंडे से हमला किया तथा उनके पास रखे सामान और जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए तरेगांव जंगल थाने में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 126(2), 115(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और 24 गांवों में पूछताछ
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित भागने के रास्तों तक लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा आसपास के 24 गांवों के 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर संदिग्ध मोटरसाइकिल की आवाजाही का पता लगाया गया। जांच के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें मैदान में उतारी गईं।
इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर निखिल कुर्रे और संजय भास्कर की पतासाजी की गई। पुलिस टीम को देखकर निखिल मोटरसाइकिल से भागने लगा, जिसे पीछा कर ग्राम बिरकोना के पास पकड़ा गया। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों और निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
पहले की रेकी, फिर घाटी में रास्ता रोककर वारदात
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी पंडरिया स्थित देशी शराब दुकान के सामने एकत्रित हुए थे। इसके बाद दो मोटरसाइकिलों से तरेगांव क्षेत्र पहुंचे और बाजार में रहकर वेदप्रकाश सोनी की गतिविधियों तथा आवागमन पर नजर रखी। मौका मिलते ही आरोपियों ने उनका पीछा किया और मछरीरेवार मंदिर घाटी के पहले रास्ता रोककर मारपीट करते हुए जेवरात लूट लिए।
वारदात के बाद आरोपी लूटे गए सामान के साथ मुंगेली पहुंचे। वहां चौपाटी के पास एकत्रित होने के बाद चांदी के जेवरात बेचने के लिए बिलासपुर जाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर जेवरात बरामद किए।
तीन गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे के रूप में हुई है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब वारदात में शामिल शेष दो आरोपियों की तलाश कर रही है। बरामदगी में करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नकद शामिल हैं।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक, उप पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत देवांगन सहित थाना तरेगांव जंगल, पंडरिया, पांडातराई, कुकदूर और साइबर टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही।
पुलिस ने सराफा कारोबारियों और अन्य व्यवसायियों से प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, कीमती जेवरात सुरक्षित लॉकर में रखने तथा बड़ी मात्रा में नगदी और आभूषणों का परिवहन करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।