कवर्धा , जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस बर्बर हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या हुई, जिनमें महिलाएं, बच्चे, नवविवाहित जोड़े और एक वायुसेना कर्मी शामिल हैं। छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया का भी इस हमले में निधन हुआ।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने घटना की निंदा करते हुए इसे “कायरता की पराकाष्ठा और मानवता पर हमला” बताया। उन्होंने कहा कि धर्म पूछकर निर्दोषों की हत्या करना अमानवीय है और ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज कर दिया है।
भावना बोहरा ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार और भारतीय सेना आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अमन और विकास की राह में रोड़ा बनने वालों को मुंह की खानी पड़ेगी।