प्यार के नाम पर एक युवती के सपनों को ऐसा रौंदा गया कि उसका जीवन अंधेरे में डूबता चला गया। एक धोखेबाज़ प्रेमी ने शादी का झांसा देकर उसका सालों तक शोषण किया, और जब उसने अपना हक़ मांगा, तो उसने पहचानने से भी इनकार कर दिया।
मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है, जहां झारखंड निवासी असलम खान नामक युवक ने एक युवती को शादी का झांसा देकर एक साल तक अपने साथ रखा। इस दौरान युवती का कई बार शारीरिक शोषण किया गया। दर्दनाक बात यह है कि युवती दो बार गर्भपात करा चुकी थी। तीसरी बार जब वह गर्भवती हुई और उसने शादी की बात उठाई, तो असलम ने कहा— “मैं तुझे जानता ही नहीं।”
इस गहरे धोखे और अपमान से टूट चुकी युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन समय रहते लोगों ने उसे बचा लिया। जैसे ही घटना की भनक गांव में लगी, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी असलम खान को पकड़कर सरेआम पिटाई की, उसे जूतों की माला पहनाई और बाजार में घुमाया। इतना ही नहीं, उसकी दुकान में जमकर तोड़फोड़ भी की गई।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में लिया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ भानुप्रतापपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह मामला न केवल समाज के भीतर छिपे ऐसे दरिंदों को उजागर करता है, बल्कि यह भी सवाल उठाता है— क्या अब भी हमारी बेटियां सुरक्षित हैं ।