पुलिस का सख्त संदेश: नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं कबीरधाम जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। हाल ही में जिले भर में चलाए गए विशेष जांच अभियान में 100 से अधिक बिना नंबर प्लेट के दोपहिया वाहनों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई न केवल ट्रैफिक अनुशासन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई, बल्कि अपराध पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी जरूरी मानी गई।
एसपी धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व और निर्देश पर यह अभियान 15 मई 2025 को एसडीओपी श्री कृष्ण चंद्राकर की देखरेख में संचालित हुआ। शहर के प्रमुख स्थानों, विशेषकर सिग्नल चौक पर सघन जांच की गई, जिसमें बिना वैध नंबर प्लेट के दोपहिया वाहन जब्त कर कोतवाली लाया गया।
पुलिस ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब नियमों को नजरअंदाज करने वालों के लिए कोई राहत नहीं है। कोतवाली लाए गए सभी वाहनों को तभी छोड़ा गया, जब मालिकों ने वैध नंबर प्लेट लगवा ली। इससे यह संदेश गया कि अब बिना नंबर वाहन चलाना सिर्फ चालान का मामला नहीं रहेगा, बल्कि वाहन जब्ती और थाने की सैर तक बात पहुंच सकती है।
एसपी श्री सिंह ने बताया कि चोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में अक्सर बिना नंबर प्लेट वाले वाहन इस्तेमाल किए जाते हैं, जिससे अपराधियों की पहचान मुश्किल हो जाती है। इस वजह से इस तरह की लापरवाही को अब बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस सघन जांच अभियान में पुलिस, यातायात और डीआरजी के जवानों ने मुस्तैदी से भूमिका निभाई। कबीरधाम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे समय रहते अपने वाहनों में वैध नंबर प्लेट लगवाएं और ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करें।
पुलिस का दो टूक संदेश: “नियम तोड़ोगे तो वाहन जब्त होगा, सुधारोगे तो रास्ता साफ होगा।” कबीरधाम पुलिस का यह रुख स्पष्ट करता है कि अब कानून के साथ कोई समझौता नहीं होगा।