छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा 12 जून 2025 को अपने प्रथम कबीरधाम प्रवास पर आ रही हैं। वे विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम बाल अधिकार संगठन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसका आयोजन दोपहर 2:00 बजे पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में किया गया है।
कार्यशाला में अक डंण्डुक अभियान का शुभारंभ भी किया जाएगा। इस अभियान एवं कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में बाल श्रम के उन्मूलन, बाल अधिकारों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाना है।
इस अवसर पर जिले के पुलिस विभाग, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग एवं श्रम विभाग के मैदानी अमलों को बाल श्रम निषेध पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, डॉ. शर्मा द्वारा बाल संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन एवं जनजागरूकता प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, युवा कार्यकर्ताओं एवं जागरूक नागरिकों की सहभागिता अपेक्षित है। बाल अधिकार संगठन ने जिले के सभी संबंधित संगठनों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनहितकारी पहल को सफल बनाएं।
इस दिन अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में दोपहर 12:00 बजे सर्किट हाउस, कबीरधाम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मुलाकात तथा 1:00 बजे भोरमदेव दर्शन का कार्यक्रम शामिल है। कार्यक्रम का समापन शाम 4:00 बजे सर्किट हाउस में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक से होगा।
यह दिन बाल अधिकार संरक्षण, प्रशासनिक समन्वय एवं सामाजिक चेतना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।