जिले में पशु तस्करी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार हो रही कार्यवाहियों के बावजूद तस्कर सक्रिय हैं। इसी कड़ी में थाना सहसपुर लोहारा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 27 नग मवेशियों की तस्करी करते हुए 5 महिला व 2 पुरुष समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मवेशियों की अनुमानित कीमत ₹1.92 लाख आंकी गई है। सभी पशुओं को गवाहों के समक्ष बरामद कर सुरक्षित रूप से गौशाला में रखा गया है।
मामला ग्राम बबई क्षेत्र का है, जहां से गोपीराम साहू नामक व्यक्ति ने सूचना दी कि कुछ लोग ग्राम मोहगांव से मवेशियों को डंडे से पीटते हुए, बिना चारा-पानी के मध्यप्रदेश के लॉजी की ओर वध हेतु ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।
प्रार्थी के आवेदन पर थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक 134/25 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. श्रीमती फुलबाई, ग्राम काटी बिरसोला
2. धन्ना ध्रुवे, ग्राम बिरझोला
3. श्रीमती छाया ध्रुवे, ग्राम काटी बिरसोला
4. भीमसेन मेरावी, ग्राम बाजारटोला
5. श्रीमती लालूबाई, ग्राम बाजारटोला
6. श्रीमती राधाबाई, ग्राम बगदई (म.प्र.)
7. श्रीमती बबलीबाई, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र)
सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
कबीरधाम पुलिस की अपील
यदि कहीं पशु तस्करी अथवा पशुओं के साथ क्रूरता की जानकारी मिले, तो तत्काल डायल 112 या निकटतम थाना में सूचना दें। इस प्रकार के अपराधों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।