कबीरधाम जिले के वनांचल में जंगली हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वन परिक्षेत्र तरेगांव और आसपास के जंगलों में हाथी के विचरण की सूचना के बाद वन विभाग ने करीब 20 गांवों में अलर्ट जारी कर मुनादी कराई है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने और हाथी के नजदीक पहुंचने से बचने की समझाइश दी जा रही है।
वन विभाग के अनुसार 22 नवंबर को दोपहर में तरेगांव वन परिक्षेत्र के बोक्करखार सर्किल अंतर्गत ढोलबज्जा बीट में एक हाथी की मौजूदगी दर्ज की गई। इसके बाद कवर्धा वन परिक्षेत्र के आमनारा बीट कक्ष क्रमांक 307 में हाथी के पदचिह्न और लीद भी मिले हैं। हाथी के विचरण से अब तक दो फसल क्षति की जानकारी सामने आई है। राहत की बात है कि मकान क्षति और जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
मुंडादादर सर्किल के ग्राम बाकी में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को हाथी की गतिविधियों की जानकारी देकर सतर्क किया। आमापानी, माचापानी, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, धौराटोला, थूहापानी, चोड़चोड़ा, तेंदूपड़ाव, जमुनपानी, बोलदा, बावापथरा, खरिया, मुड़घुसरी, मांदीभाठा, छीरपानी जलाशय, अगरी, भीरा, खुरमुंदा, भलपहरी और महली सहित आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई है।
**हाथी को भगाने की कोशिश पड़ सकती है भारी**
वन विभाग ने ग्रामीणों को समझाइश दी है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने, शोर मचाकर भगाने, पत्थर फेंकने या पटाखे जलाने जैसी हरकत न करें। हाथी को घेरने या उसका रास्ता रोकने का प्रयास भी खतरनाक हो सकता है। ग्रामीण सुरक्षित दूरी बनाकर धीरे-धीरे सुरक्षित स्थान की ओर हटें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। विशेषकर शाम और रात के समय जंगल और हाथी प्रभावित रास्तों पर अकेले आवागमन से बचें।
वन विभाग की टीमें हाथी की गतिविधियों पर निगरानी रख रही हैं। अब ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ फसल नुकसान की रोकथाम और हाथी के सुरक्षित विचरण को सुनिश्चित करना विभाग के सामने