सावन में अमरकंटक पहुंचने वाले छत्तीसगढ़ के कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को अब ठहरने, भोजन, स्नान, चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले में स्थित अमरकंटक में छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए 5 एकड़ भूमि का आवंटन तय हो गया है। स्थानीय प्रशासन स्तर पर भू-आवंटन की प्रक्रिया जारी है।
आगामी समय में यहां छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा एक सर्व-सुविधायुक्त श्रद्धालु भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसमें आवास, भोजनालय, स्नान-शौचालय, चिकित्सा सहायता, पार्किंग सुविधा के साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी संभव होगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि यह भवन छत्तीसगढ़ की परंपरा, लोक संस्कृति और धार्मिक पहचान को प्रदर्शित करने वाला केंद्र भी बनेगा। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव का सहयोग के लिए आभार जताया।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष सावन में बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचते हैं, पर सुविधाओं के अभाव से कठिनाइयों का सामना करते थे। अब इस ऐतिहासिक पहल से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि यह भवन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक भी बनेगा।