प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर कबीरधाम जिले में मंगलवार को ईडी की कार्रवाइयों और तमनार क्षेत्र में हो रही जंगल कटाई के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंड स्तर तक राष्ट्रीय और राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी दिखाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम और आर्थिक नाकेबंदी की।
बिलासपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में पंडरिया का बड़ा आंदोलन
पंडरिया ब्लॉक कांग्रेस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरि नाला तिराहा के पास दोपहर 12 से 2 बजे तक चक्का जाम कर जबरदस्त प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 11 बजे से एकत्रित हो गए थे। कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर, झंडा-बैनर लेकर सरकार विरोधी नारेबाजी की और माइक के माध्यम से अपनी बात रखी। एम्बुलेंस, स्कूल बस और स्कूली बच्चों को जाम से बाहर निकलने की प्राथमिकता दी गई। पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की गई, लेकिन कई घंटों तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही।
नुक्कड़ सभा में युवा नेता मनीष शर्मा, रवि चंद्रवंशी, संजू तिवारी, घनश्याम साहू सहित अन्य वक्ताओं ने अडानी समूह के समर्थन में काम करने का आरोप लगाते हुए ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग की कार्रवाइयों को राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया। ब्लॉक अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पक्ष में बोलते हुए केंद्र सरकार को किसान विरोधी और पर्यावरण विरोधी बताया।
कवर्धा, बोड़ला और लोहारा में भी चक्का जाम
जिला मुख्यालय कवर्धा में रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर छीरहा गांव के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रास्ता रोका। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिमा अगम अनंत, जिला अध्यक्ष होरी साहू, शहर अध्यक्ष अशोक सिंह, वीरेंद्र जांगड़े सहित प्रमुख नेताओं ने नेतृत्व किया। बोड़ला और लोहारा विकासखंड में भी कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।
कार्यक्रम में दिखी बड़ी भागीदारी
पंडरिया के आंदोलन में पूर्व जिला अध्यक्ष राधेलाल भास्कर, अन्नपूर्णा चंद्राकर, जनपद सदस्य दिनेश कोशरिया, तेजस्वी चंद्रवंशी, गुरुदत्त शर्मा, काशीनाथ ठाकुर, राजेंद्र यादव, शिव गायकवाड़, वीरेंद्र साकत, नंदकिशोर, वैभव ठाकुर, सुजीत कुंभकार, चंद्रभान टंडन, मनोज ठाकुर, प्रदीप जायसवाल, विकास देवांगन, टेपलाल यादव, राजराम ठाकुर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने दी चेतावनी
ब्लॉक कांग्रेस नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार को चेतावनी दी कि यदि पर्यावरण विनाशकारी जंगल कटाई बंद नहीं की गई और राजनीतिक द्वेष की ईडी कार्रवाइयां रोकी नहीं गईं तो जिले से राजधानी तक और भी बड़े आंदोलन किए जाएंगे।
जंगल बचाओ और लोकतंत्र बचाओ का दिया संदेश
आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस ने जिलेभर में यह संदेश देने की कोशिश की कि जंगलों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है और सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग लोकतंत्र के लिए खतरा है।
कुल मिलाकर कबीरधाम जिले में कांग्रेस का यह जिला स्तरीय आंदोलन सरकार विरोधी नाराजगी का बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है।