लोहारा एसडीएम कार्यालय के समक्ष सोमवार को छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शांतिपूर्ण आंदोलन में किसानों ने बारिश के बावजूद डटे रहकर अपनी एकजुटता दिखाई।
धरना का नेतृत्व जिला अध्यक्ष महेन्द्र कौशिक, ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर राम सिन्हा, कवर्धा ब्लॉक अध्यक्ष सुन्दर कौशिक, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष जगदंबिका साहू सहित कई किसान नेताओं ने किया। आंदोलन में जगतारन सिंह ठाकुर, योगेश्वर शर्मा, शुभकरण साहू, भगत वर्मा, राकेश साहू, मानसिंह परते समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने मांग की कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए, सरदार वल्लभ भाई शक्कर कारखाने से जुड़े गन्ना किसानों को ब्याज भुगतान किया जाए। साथ ही लोहारा स्थित कृपा स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड के कथित अवैध संचालन को बंद कराने की मांग की गई। किसानों का आरोप है कि उद्योग से निकलने वाला प्रदूषण खेती, स्कूल, अस्पताल, दुकानों और जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है।
28 फरवरी की ट्रैक्टर रैली के दौरान किसानों की गिरफ्तारी और ट्रैक्टर जब्ती को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए उन्होंने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। किसानों ने डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन के अंत में किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन एसडीएम लोहारा को सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगे पूरी नहीं हुईं तो राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
धरना स्थल पर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।