पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव महादेव तक निकाली जा रही 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा के चौथे दिन आज यात्रा गौरकांपा से आरंभ होकर मोहतरा पहुँची। इस दौरान पंडरिया विधायक भावना बोहरा स्वयं कांवड़ यात्रियों के साथ कदम से कदम मिलाकर पैदल चलीं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने की दिशा में संकल्पबद्ध यात्रा जारी रखी।
गौरकांपा स्थित शनिदेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा ने करपीकला, बम्हनदेई और मोहतरा होते हुए अपने अगले पड़ाव की ओर प्रस्थान किया। रास्ते भर भाजपा पदाधिकारियों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, सामाजिक संगठनों और ग्रामीण जनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। सैकड़ों शिवभक्तों की टोली “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयकारों से पूरे मार्ग को गुंजायमान करती रही।
तीव्र बारिश और घने जंगलों से होते हुए श्रद्धालु आगे बढ़े, लेकिन किसी के उत्साह और भक्ति में कोई कमी नहीं आई। यात्रा के पांचवे दिन मोहतरा से डोंगरिया महादेव तक पदयात्रा कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
इस पावन अवसर पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय भी शामिल हुईं। उन्होंने पंडरिया विधायक भावना बोहरा और अन्य कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ दीं।
भावना बोहरा ने इस अवसर पर कहा —
“यह यात्रा मेरी धार्मिक आस्था का प्रतीक है और माँ नर्मदा व भोलेनाथ के प्रति मेरी कृतज्ञता का विनम्र प्रयास है। सनातन संस्कृति, परंपरा और शिवभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुँचाना हमारा उद्देश्य है। मैं इस यात्रा के माध्यम से छत्तीसगढ़ प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करती हूँ। सैकड़ों श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने इस यात्रा को सफल बनाने में सहयोग दिया, जिसके लिए मैं हृदय से आभार प्रकट करती हूँ।”
पंडरिया क्षेत्र की इस धार्मिक यात्रा ने न सिर्फ सामाजिक समरसता का उदाहरण प्रस्तुत किया है, बल्कि आस्था और अध्यात्म से ओतप्रोत वातावरण में लोगों के बीच एकता, ऊर्जा और उत्साह का भी संचार किया है।
यात्रा के अंतिम चरण में डोंगरिया महादेव और भोरमदेव महादेव में जलाभिषेक कर संकल्प की पूर्णता होगी।
यह यात्रा श्रद्धा, सेवा, और संस्कृति की एक प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी है।