पंडरिया नगर स्थित ऐतिहासिक जोरा मंदिर — जिसमें भगवान शिव व हनुमान विराजमान हैं — का जीर्णोद्धार कार्य करीब 18 माह बाद पूर्ण हो गया है। फरवरी 2024 में प्रारंभ यह कार्य अब अपने पूर्ण वैभव के साथ नगरवासियों के समर्पण व सहयोग से सम्पन्न हुआ है।
जीर्णोद्धार समिति के अनुसार, 2 से 4 अगस्त 2025 तक मंदिर में स्थापना महोत्सव बड़े धार्मिक उत्साह और विधि-विधान से संपन्न होगा।
शनिवार 2 अगस्त को वेदि निर्माण, पूजन, भगवान शिव-हनुमान का अभिषेक, परिधि व वास्तु पूजन सहित रामायण अखण्ड पाठ का आयोजन होगा।
रविवार 3 अगस्त को मण्डप पूजन, कलश यात्रा, अन्नाधिवास, फलाधिवास, हरिकीर्तन व मेहंदी संध्या की रंगारंग प्रस्तुति होगी।
सोमवार 4 अगस्त को नेत्र मिलन, देव स्थापना, हवन, विशेष आरती, शिखर कलश स्थापना, महाप्रसाद वितरण, ब्राह्मण भोज व विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
मंदिर के पुनर्निर्माण में पंडरिया के पूर्व राजा स्व. कृष्णराज सिंह जी के सुपुत्र स्व. सुनील राज जी के भाई अमरराज सिंह की सहमति से नगर के धर्मप्रेमी नागरिकों की समिति गठित की गई थी। इस समिति को विधायक धर्मजीत सिंह (तखतपुर) के विशेष प्रयास व मार्गदर्शन से गति मिली। नगर के आम जनमानस ने इसमें बढ़-चढ़कर सहयोग करते हुए इसे एक जनआस्था का प्रतीक आयोजन बना दिया।
यह महोत्सव न केवल धार्मिक चेतना का उत्सव है, बल्कि नगर की सांस्कृतिक एकता व सहभागिता का भी एक प्रेरक उदाहरण है।