कवर्धा, केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) – सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, भुवनेश्वर के तत्वावधान में दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर (कवर्धा) में “लर्निंग आउटकम्स एवं पेडागॉजी” विषय पर एकदिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम का सफल आयोजन हुआ।
इस प्रशिक्षण में सनराइज पब्लिक स्कूल, एम्बिशन पब्लिक स्कूल, प्रेरणा पब्लिक स्कूल और डीपीएस के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन शैक्षिक विशेषज्ञ अभिषेक खंडेलवाल एवं आशीष तिवारी ने किया।

सत्र में लर्निंग आउटकम्स की उपयोगिता, ब्लूम टैक्सोनॉमी के विभिन्न स्तरों के आधार पर अधिगम उद्देश्यों की स्पष्टता, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए रणनीतियाँ, निष्पक्ष मूल्यांकन हेतु रूब्रिक्स का महत्व तथा 21वीं सदी के कौशल — क्रिटिकल थिंकिंग, क्रिएटिविटी, कोलैबोरेशन और कम्युनिकेशन पर विस्तार से चर्चा हुई।
हैंडआउट गतिविधियों के जरिए शिक्षकों ने अपने लर्निंग आउटकम्स प्रस्तुत किए और नवाचारी मूल्यांकन पद्धतियों को साझा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों से सशक्त बनाना था, जिससे छात्रों में दक्षता-आधारित शिक्षा और सीखने के परिणामों में सुधार लाया जा सके।
डीपीएस महाराजपुर की प्राचार्या ग्रेसिया एन फीग्रेड ने कहा कि यह प्रशिक्षण अत्यंत उपयोगी रहा और इसने शिक्षकों को नई सोच एवं प्रभावी पद्धतियाँ अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने CBSE और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भुवनेश्वर के प्रति आभार व्यक्त किया।



