कवर्धा । शिक्षक दिवस के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने एक ऐतिहासिक आयोजन कर विधानसभा क्षेत्र के लगभग 1500 से अधिक प्राचार्यों और शिक्षकों का सामूहिक अभिनंदन किया।

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय उड़ियाकला में आयोजित इस भव्य समारोह में न केवल शिक्षकों को सम्मानित किया गया, बल्कि 20 उत्कृष्ट शिक्षकों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में लगभग 2000 से अधिक शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

विधायक बोहरा ने अपने संबोधन में कहा—
“गुरु ही वे दीपस्तंभ हैं, जिनके ज्ञान, मार्गदर्शन और मूल्यों से जीवन की दिशा तय होती है। हमारे शिक्षक न केवल अकादमिक सफलता की राह दिखाते हैं, बल्कि चरित्र, समाज और राष्ट्र निर्माण में भी प्रेरक भूमिका निभाते हैं।”

उन्होंने शिक्षकों को भारतीय संस्कृति और वेदांत दर्शन का जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि गुरुजनों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। विधायक बोहरा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक शिक्षक के लिए गर्व का क्षण तब होता है, जब उनका शिष्य उनसे आगे निकलकर नई ऊँचाइयों को छूता है।

उन्होंने भारत के महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं, बल्कि यह सोच को व्यापक बनाने और समाज के प्रति जिम्मेदारी जगाने का माध्यम है।







