लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्या. पंडरिया ने गैर-शेयरधारक गन्ना उत्पादक किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। कारखाना क्षेत्र के ऐसे किसान जिन्होंने पेराई सत्र 2024-25 में गन्ना का विक्रय कारखाने में किया है और आगामी पेराई सत्र 2025-26 हेतु भी गन्ना विक्रय करने का संकल्प लिया है, उन्हें अब “क” वर्ग का शेयरधारक सदस्य बनाया जाएगा।
इस निर्णय के पीछे उद्देश्य है कि अधिक से अधिक किसानों को सहकारी ढांचे से जोड़कर उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके और गन्ना उत्पादकों को स्थायी लाभ मिल सके। सदस्यता प्रक्रिया के तहत किसानों को शेयर सदस्यता फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा। जाँच उपरांत प्रति शेयर सदस्यता शुल्क 2000 रुपए तथा प्रवेश शुल्क 100 रुपए मिलाकर कुल 2100 रुपए कारखाना कार्यालय में निर्धारित समय पर जमा करने होंगे।
कारखाना प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि शेयरधारक बनने से किसानों को भविष्य में सहकारी कारखाने की नीतियों और लाभांश में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। साथ ही गन्ना विपणन की पारदर्शिता और मजबूती भी बढ़ेगी।
सदस्यता हेतु किसानों को फॉर्म के साथ आधार कार्ड, गन्ना खेत की नकल, सर्वे पत्रक, पासपोर्ट फोटो, शपथ पत्र/घोषणा पत्र तथा नामिनी का आधार कार्ड जैसे दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
इस निर्णय से गैर-शेयरधारक किसानों को सहकारी संस्था से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
गन्ना उत्पादक किसानों की भागीदारी और सहकारिता को बढ़ावा देना।
सहकारिता ढांचे के माध्यम से किसानों की आय एवं अधिकार सुरक्षित करना।