रिश्तों की पवित्रता को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला पाण्डातराई थाना क्षेत्र के ग्राम सोढा से सामने आया है, जहाँ पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी ही पत्नी की सब्बल से बेरहमी से हत्या कर दी। इंसानियत को झकझोर देने वाली यह वारदात बुधवार तड़के घटित हुई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सोढा निवासी परसुराम गेन्ड्रे (60 वर्ष) ने अपनी पत्नी अश्वनी बाई गेन्ड्रे (45 वर्ष) पर शक के चलते गुस्से में आकर सब्बल से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में कार्यवाही करते हुए पुलिस ने महज कुछ घंटों में आरोपी पति को धर दबोचा।
आरोपी के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सब्बल बरामद किया गया।
मामले में अपराध क्रमांक 163/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
इस दर्दनाक हत्या ने फिर एक बार यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शक का ज़हर रिश्तों को किस हद तक निगल सकता है।
जहाँ समाज में भरोसे की डोर कमजोर हो रही है, वहीं घरेलू विवाद अब खौफनाक रूप लेने लगे हैं।
👉 कबीरधाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई सराहनीय, पर सवाल समाज पर — क्या अब भी रिश्तों में भरोसा बचा है?