शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली चौंकाने वाली घटना जिले के ग्राम बिटकुली से सामने आई है। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिटकुली में परोसे गए मध्याह्न भोजन में बच्चों की थाली में कीड़ा पाया गया। यह घटना 31 अक्टूबर 2025 की है, जिसका वीडियो ग्रामीणों ने रिकॉर्ड कर लिया है। जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया भी व्यक्त कर रहे है।
घटना के बाद ग्रामवासियों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है।
इतना ही नहीं, जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि विद्यालय के भोजन संचालन समूह में एक महिला सदस्य सरकारी कर्मचारी हैं, जो नियमानुसार पूरी तरह वर्जित है। ग्रामीणों के विरोध के बाद उस सदस्य का नाम सूची से हटा तो दिया गया, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि सरकारी कर्मचारी को समूह में शामिल कैसे किया गया था।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग की भूमिका संदेह के घेरे में
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी है। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में बच्चों के स्वास्थ्य से इस तरह का खिलवाड़ न हो सके।
घटना के संबंध में जब जिला शिक्षा अधिकारी बलौदा बाजार से जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 93291 00226 संपर्क किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे विभाग की जवाबदेही पर और भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
1️⃣ मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच हो।
2️⃣ दोषी प्रबंधन समिति व जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई की जाए।
3️⃣ बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाएं।
4️⃣ सभी शालाओं के भोजन समूहों की सदस्य सूची की समीक्षा की जाए।
बच्चों के पोषण और सुरक्षा से जुड़ा यह मामला अब जनचर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता तो वे सामूहिक रूप से जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करेंगे।