वनांचल क्षेत्र के ग्राम नेऊर में एक दिवसीय आरोग्य मेला एवं स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। जनहित में विशेष पहल करते हुए स्वास्थ्य विभाग पंडरिया द्वारा त्वरित कार्रवाई कर दूरस्थ क्षेत्रों के लिए यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य शिविर में नेऊर सहित रुकमिदादर, कांदा वानी, बिरहुलडीह, कुशियारी और अमनियां जैसे वनांचल के दूरस्थ गांवों से भारी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर में आए सभी मरीजों का ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट, टीकाकरण सहित विभिन्न प्रकार की जांचें की गईं। जिन मरीजों को आवश्यकता थी, उन्हें मौके पर ही नि:शुल्क दवाइयां भी प्रदान की गईं। दिनभर चले इस शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने अपना उपचार कराया और तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलने पर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम की समग्र निगरानी ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. प्रेमी ने स्वयं की, जिन्होंने पूरे स्वास्थ्य अमले के साथ मिलकर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में कुकुदुर एवं पंडरिया के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आरोग्य मेले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को मिल रही त्वरित चिकित्सा सुविधा की सराहना करते हुए ग्राम नेऊर की सरपंच श्रीमती पार्वती सुनहले ने भी स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास को ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया और आभार व्यक्त किया।