देश में जल संरक्षण की नई मिसाल बना बलौदाबाजार — जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार 1.0 से सम्मानित, कलेक्टर दीपक सोनी ने केंद्रीय मंत्री से ग्रहण किया 1 करोड़ का राष्ट्रीय सम्मान”
जिले ने जल संचयन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में मंगलवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल ने जिले को ‘जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार 1.0’ से सम्मानित किया।
पूर्वी क्षेत्र अंतर्गत कैटेगरी-2 में चयनित जिले की ओर से कलेक्टर दीपक सोनी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि का चेक और प्रशस्ति पत्र ग्रहण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना और श्री राजभूषण चौधरी भी उपस्थित रहे।
जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार हेतु जिले का चयन 30927 जल संरचनाओं के सफल निर्माण के आधार पर किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और कलेक्टर दीपक सोनी की नेतृत्व क्षमता के चलते जिले में जल संचयन महाभियान को व्यापक रूप दिया गया, जिसमें सोख्ता गड्ढों का निर्माण, जलाशयों की सफाई एवं अन्य जल संरचना निर्माण प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मई 2025 तक जिले में कुल 35793 जल संरचनाओं का निर्माण कर जल संरक्षण को अभूतपूर्व मजबूती प्रदान की गई। निर्मित संरचनाओं में नवीन तालाब, सामुदायिक एवं निजी डबरी, परकोलेशन टैंक, कुएं, रिचार्ज पिट, गली प्लग, चेकडैम, सोक पिट, अमृत सरोवर, एनीकट, स्टापडेम, नहर जीर्णोद्धार, स्टेग्रेडेड कंटूर ट्रेंच और गेबियन स्ट्रक्चर शामिल हैं।
इन संरचनाओं का निर्माण मनरेगा, कैंपा, CSR फंड, स्टेट बजट और अन्य केंद्रीय निधियों के सहयोग से किया गया, जिसने जिले में जल सुरक्षा को एक नई दिशा प्रदान की है।
यह उपलब्धि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की सामूहिक इच्छाशक्ति, जनभागीदारी और कुशल प्रशासनिक नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।