किसानों की शिकायतों पर तत्काल और जमीन पर बैठकर सुनवाई—और उसी वक्त पटवारी को निलंबित करने का आदेश। सहसपुर लोहारा में सोमवार देर शाम उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा की सख़्त कार्रवाई पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है।
उपमुख्यमंत्री जब सहसपुर लोहारा तहसील कार्यालय पहुंचे तो बाहर जमा किसानों को देखकर उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया। जमीन पर बैठकर किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि हल्का नंबर 15, ग्राम कुरूवा के पटवारी राजेश शर्मा लगातार टालमटोल कर किसानों के काम लटकाए रखता है और अनाधिकृत विलंब करता है।
शिकायत सुनते ही उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बिना एक पल गंवाए मौके पर ही पटवारी राजेश शर्मा को तत्काल निलंबित करने के निर्देश जारी कर दिए। अधिकारियों ने वहीं खड़े-खड़े निलंबन आदेश निकालकर अमल भी कर दिया।
निलंबन आदेश छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) के तहत जारी हुआ है। निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय सहसपुर लोहारा (निर्वाचन शाखा) निर्धारित किया गया है। नियम अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदाय किया जाएगा।



