जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 21.780 बल्क लीटर देशी मदिरा जप्त की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी नागेश्वर यादव को मौके से गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मछली पसरा पिपरिया क्षेत्र में एक व्यक्ति चखना दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना पिपरिया पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान आरोपी को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 121 पौवा देशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 21.780 बल्क लीटर पाई गई। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नकद भी जप्त किए गए। जप्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 10,780 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नागेश्वर यादव पिता हीराराम यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 02 पिपरिया बताया। आरोपी के पास शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाया गया।
पुलिस ने अवैध शराब और नकद राशि को गवाहों के समक्ष जप्त कर सीलबंद किया तथा आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में थाना पिपरिया पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है और आगे भी ऐसी कार्रवाइयाँ की जाएंगी।