भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने एवं पिछड़ा वर्ग के हितों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की जिला एवं मंडल कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। इसी क्रम में पंडरिया मंडल से नरेंद्र निर्मलकर को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नरेंद्र निर्मलकर की नियुक्ति से पंडरिया क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी तथा पिछड़ा वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। नरेंद्र निर्मलकर पूर्व से ही संगठन में एक सक्रिय, कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। निरंतर संगठनात्मक सक्रियता और जमीनी पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नरेंद्र निर्मलकर ने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को जो जिम्मेदारी दी है, उसका निर्वहन वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे तथा संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।