कवर्धा। पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश देते हुए शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पाढ़ी में सावन महोत्सव के अवसर पर वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। विद्यालय ने इस सप्ताह 101 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसकी शुरुआत पहले चरण में 14 पौधों के रोपण से हुई। प्रत्येक शिक्षक ने अपने-अपने कक्षा के विद्यार्थियों के साथ एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लिया।
विद्यालय परिसर में नीम, कदम, करंज, आंवला, आम और अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर शिक्षक श्री नवीन कुमार देवांगन ने अपने पुत्र शिवाय देवांगन के जन्मदिन पर लगाए गए सभी 14 पौधों के लिए सुरक्षा गार्ड दान कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरणादायी पहल की।
प्रधान पाठक एवं समन्वयक श्री कन्हैया लाल चन्द्राकार ने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन को सुनिश्चित करना है। इसी सोच के साथ प्रत्येक पौधे की जिम्मेदारी शिक्षकों और विद्यार्थियों को सौंपी गई है।
श्री सनत कुमार पटेल एवं श्री भूपेन्द्र राठौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में स्वच्छ वातावरण, जीवनदायिनी ऑक्सीजन और छाया प्रदान करेंगे। वहीं श्रीमती जानकी कृषे, श्री अजय कुमार शर्मा एवं श्री टीकाराम ध्रुव ने कहा कि वृक्षारोपण प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है तथा यह हरियाली बढ़ाने की प्रेरणादायी पहल है।
श्रीमती डिम्पल ठाकुर एवं श्रीमती कल्याणी मरकाम ने छात्र-छात्राओं से पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रधानपाठक श्री रामकुमार राय एवं श्री कृष्ण कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि आगामी चरणों में शेष पौधों के रोपण के दौरान पालकों और ग्रामीणों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि सामुदायिक सहभागिता से पौधों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
श्री उमेश कुमार कश्यप एवं श्रीमती निरूपा पटेल ने कहा कि सावन प्रकृति के नवजीवन का प्रतीक है। बढ़ते प्रदूषण, घटते जंगलों और बढ़ते वैश्विक तापमान को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो यह प्रकृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान होगा।
इस अभियान को सफल बनाने में श्री कमलेश कुमार श्रीवास, श्री दुर्गेश श्रीवास एवं विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती किलेश्वरी उमरे एवं श्री नवीन कुमार देवांगन ने किया। विद्यालय परिवार ने इस हरित अभियान को निरंतर जारी रखते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प लिया।