शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई ने होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। निरीक्षण के दौरान होटल नारायणी इंटरनेशनल के किचन में अस्वच्छता मिलने पर खाद्य लाइसेंस तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया, वहीं गौसिया बिरयानी सेंटर में खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग का उपयोग पाए जाने पर पांच किलोग्राम रोस्टेड चिकन मौके पर ही नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। इन मामलों ने शहर के अन्य होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जांच की आवश्यकता उजागर की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 16 नवंबर को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभिहित अधिकारी मुकेश साहू के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार घृतलहरे और फणीभूषण जायसवाल ने होटल नारायणी इंटरनेशनल रेस्टोरेंट के किचन की जांच की। निरीक्षण के दौरान वहां अस्वच्छ एवं अनहाइजेनिक स्थिति पाई गई। इसे गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की अनुसूची-4 के तहत प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तीन दिनों के लिए निलंबित किया गया। साथ ही कमियों में सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। टीम ने एवरप्लस कॉन्टिनेंटल सॉस और खुले पनीर के नमूने भी जांच के लिए लिए।
**अखाद्य रंग से तैयार चिकन, पांच किलो सामग्री नष्ट**
इसी क्रम में गौसिया बिरयानी सेंटर के निरीक्षण के दौरान स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आईं। विभाग ने प्रतिष्ठान को सुधार सूचना जारी की। यहां से मटन बिरयानी का नमूना जांच के लिए लिया गया। सबसे गंभीर स्थिति रोस्टेड चिकन में सामने आई, जहां खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग का उपयोग पाए जाने पर पांच किलोग्राम चिकन मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले रंग और अन्य सामग्री की गुणवत्ता सीधे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़ी है। ऐसे में इस तरह की लापरवाही को सामान्य निरीक्षण संबंधी कमी मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
**सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के बाद कार्रवाई**
विभाग के अनुसार यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों, 15 दिवसीय सुरक्षित आहार अभियान और निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के आधार पर की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है तथा उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
**अन्य होटल और ढाबे भी जांच के दायरे में आएं**
इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य होटल, रेस्टोरेंट, बिरयानी सेंटर, मिठाई दुकानों, फास्ट फूड सेंटर और ढाबों में भी व्यापक जांच की आवश्यकता महसूस की जा रही है। केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को नियमित और औचक निरीक्षण की व्यवस्था प्रभावी बनानी चाहिए। किचन की स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, एक्सपायरी तिथि, खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले रंग, तेल और भंडारण व्यवस्था की जांच होनी चाहिए।
विशेष रूप से उन प्रतिष्ठानों की जांच जरूरी है जहां बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन भोजन करते हैं। खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट भी समयबद्ध तरीके से सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई निश्चित रूप से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, लेकिन इसकी निरंतरता भी उतनी ही जरूरी है। शहर के सभी खाद्य प्रतिष्ठानों में समान रूप से जांच और नियमों का पालन सुनिश्चित होने पर ही सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने का उद्दे