रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयातित ग्रेड मैंगनीज अयस्क की चोरी और मिलावट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह मामला रायपुर स्थित Hira Group से जुड़ा है, जिसके लिए जय जगदीश ट्रांसपोर्ट विशाखापत्तनम पोर्ट से सामग्री का परिवहन करता है।
जानकारी के अनुसार, परिवहन के दौरान अयस्क की मात्रा और गुणवत्ता से छेड़छाड़ की गई। इस संबंध में जय जगदीश ट्रांसपोर्ट ने महासमुंद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने दो ट्रक चालकों – करीम अहमद और सिकंदर खान – के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 316(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि यह कार्य केवल चालकों तक सीमित था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है। मामले के खुलासे के बाद उद्योग जगत में भी हलचल है।