साइबर थाना ने ऑपरेशन “साइबर शील्ड” के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए दिल्ली से तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रायपुर रेंज, श्री अमरेश मिश्रा के निर्देश पर की गई, जिन्होंने साइबर अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर तकनीकी साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
घटना का प्रारंभ
प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब रायपुर निवासी डॉ. प्रकाश गुप्ता ने थाना आमनाका में शिकायत दर्ज कराई कि शेयर ट्रेडिंग और मुनाफे का झांसा देकर उनके साथ 11 लाख रुपये की ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर थाना आमनाका में अपराध क्रमांक 433/24, धारा 420, 34, 467, 468, 471 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। इस मामले की जांच रायपुर रेंज साइबर थाने को सौंपी गई। प्रारंभिक जांच के दौरान चार आरोपियों—पवन सिंह, गगनदीप शर्मा, राजवीर सिंह और संदीप रात्रा (सभी दिल्ली निवासी)—को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत दिल्ली में छापेमारी
आईजी श्री अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में साइबर थाने की टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर मुख्य आरोपियों की पहचान की। इसके पश्चात विशेष टीम दिल्ली रवाना हुई और वहां तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन मुख्य आरोपियों—हिमांशु तनेजा (29 वर्ष), गणेश कुमार (37 वर्ष) और अंकुश (26 वर्ष)—को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रकरण से जुड़े दस्तावेज, फर्जी आधार कार्ड, कंप्यूटर, स्कैनर, प्रिंटर, तथा साइबर अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई संपत्तियों से संबंधित जानकारी जब्त की। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खोलकर फॉरेक्स ट्रेडिंग के माध्यम से धन विदेश भेजते थे, जिसे बाद में वापस मंगवा लिया जाता था।
आरोपियों की संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया
साइबर अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई संपत्तियों के दस्तावेजों को जब्त कर उन्हें अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
हिमांशु तनेजा (29 वर्ष) — पता: 11/07, शालीमार बाग, थाना शालीमार बाग, वेस्ट दिल्ली
गणेश कुमार (37 वर्ष) — पता: जनकपुरी, बी-01, वेस्ट दिल्ली; वर्तमान पता: मकान नंबर आर.जेड.बी. 153, डाबरी एक्सटेंशन, ईस्ट दिल्ली
अंकुश (26 वर्ष) — पता: हाउस नंबर 57, डेयरी वसंत कुंज, मसूदपुर, साउथ वेस्ट दिल्ली