भरेवापारा और भद्राली गांव के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस गंभीर प्रकरण में जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
घटना दिनांक 28 मई 2025 की है, जब प्रार्थी दीपक यादव, निवासी भद्राली ने थाना पंडरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात्रि लगभग 7:30 बजे मोटरसाइकिल से जाने की बात को लेकर भरेवापारा निवासी फलित यादव एवं बाबूलाल के पुत्र मुकेश यादव द्वारा उनके परिजनों से मारपीट की गई। इस हमले में लक्ष्मीनारायण, वीरेंद्र यादव एवं सुरेंद्र यादव घायल हो गए थे।
विवेचना के दौरान 29 मई को सूचना प्राप्त हुई कि घायल वीरेंद्र यादव की उपचार के दौरान बिलासपुर में मृत्यु हो गई। तत्पश्चात मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) BNS जोड़ी गई और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। टीम ने तत्परता से कार्य करते हुए आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
यह घटना भरेवापारा और भद्राली गांवों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद की एक और दुखद कड़ी है। पुलिस प्रशासन ने अपने तेज और निष्पक्ष कार्रवाई से यह संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।