पंडरिया विधानसभा की महाविद्यालयीन छात्राओं को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 6 जुलाई रविवार को पंडरिया आगमन पर 5 नई निःशुल्क बस सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। यह योजना पंडरिया विधायक भावना बोहरा की “भावना दीदी की गारंटी” के तहत छात्राओं को समर्पित है।
यह आयोजन आत्मानंद शासकीय विद्यालय परिसर में प्रातः 11 बजे शुरू होगा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं सांसद श्री संतोष पांडेय भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के लिए सुरक्षित और नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराते हुए शिक्षा के मार्ग को सरल बनाया जाएगा।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा पूर्व में संचालित तीन बसों के अतिरिक्त अब पांच नई बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। यह सेवा पिपरिया, पंडरिया, पांडातराई, कवर्धा एवं सहसपुर लोहारा महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को लाभान्वित करेगी। अब छात्राओं को कॉलेज जाने के लिए आवागमन की बाधा नहीं झेलनी पड़ेगी।
भावना बोहरा ने कहा कि यह योजना न केवल शिक्षा बल्कि बेटियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि सेवा का लाभ लेने के लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिसे विधायक कार्यालय द्वारा संचालित “भावना सेवा सुविधा केंद्र” से पूर्ण किया जा सकता है।
इस अवसर पर पंडरिया विधानसभा की प्रेरणादायी महिलाओं को “महतारी अलंकरण सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही अधोसंरचना विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
भावना बोहरा ने कहा कि “हमारा लक्ष्य है कि पंडरिया विधानसभा की कम से कम 1000 बेटियों को इस सेवा से लाभ मिल सके, ताकि वे निर्भय होकर शिक्षा प्राप्त कर सकें और अपने सपनों को साकार करें।”
यह आयोजन पंडरिया विधानसभा में बेटियों की शिक्षा को गति देने, उनके आत्मबल को सशक्त बनाने और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करने का सार्थक प्रयास है।