जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में विद्युत विभाग के 23 वर्षीय कर्मचारी की डूबने से मौत हो गई। ग्राम खैंदा से अचानकपुर के बीच स्थित रपटे पर तेज पानी के बहाव में विभागीय वाहन बह जाने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद से लापता कर्मचारी का शव दो दिन की तलाश के बाद बुधवार को बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6-7 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात लगभग 1 बजे विद्युत विभाग के कर्मचारी आवश्यक शासकीय कार्य के लिए ग्राम अचानकपुर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन क्रमांक CG 04 NL 4955 अचानकपुर रपटे को पार कर रहा था। तेज जलप्रवाह के कारण वाहन अनियंत्रित होकर नाले में बह गया। वाहन में सवार अन्य कर्मचारी किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन पार्थिव ध्रुव (23 वर्ष), पिता संतोष ध्रुव, निवासी ग्राम झोंका तेज बहाव में बह गए और लापता हो गए।
सूचना मिलते ही बलौदा बाजार कोतवाली पुलिस और गोताखोरों की टीम ने रातभर तलाश अभियान चलाया। लगातार खोजबीन के बाद बुधवार, 8 जुलाई को खैरी रपटे के समीप पार्थिव ध्रुव का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों और विभागीय कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
सिटी कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण रपटे पर तेज जलप्रवाह में वाहन का बह जाना बताया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी सराहनीय सहयोग दिया। विशेष रूप से सत्यनारायण चेलक (निवासी ग्राम खैरी) तथा धनसिंह ध्रुव (सिटी कोतवाली क्षेत्र) ने पुलिस एवं गोताखोरों की टीम के साथ लगातार रहकर खोज एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहयोग से अभियान को गति मिली।
इस हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में उफनते रपटों और नालों को पार करने के जोखिम को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव वाले मार्गों से बचने और सतर्कता बरतने की अपील की है।