कवर्धा, नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर ‘‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’’ योजनांतर्गत ‘‘कन्या पूजन एवं भोज कार्यक्रम’’ का आयोजन आगामी 30 सितम्बर 2025 को प्रातः 11 बजे वीर सावरकर सभागार भवन, कवर्धा में किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग कबीरधाम के मार्गदर्शन तथा जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और सशक्त बनाना है। साथ ही बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देते हुए ‘‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’’ की संदेशधारा को व्यापक स्तर तक पहुँचाना है।
इस अवसर पर नवरात्रि पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। कन्याओं के पूजन उपरांत उन्हें विशेष भोज एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन से जिले भर के लोगों में उत्साह का माहौल है और अपेक्षा की जा रही है कि बड़ी संख्या में समाजजन इसमें शामिल होकर बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाएँगे।