कवर्धा। राज्योत्सव के जश्न के बीच सोमवार देर रात बीजेपी कार्यकर्ता और पुलिस अफसरों के बीच जमकर हंगामा हो गया। पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता राकेश साहू और थाना प्रभारी योगेश कश्यप के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि राकेश साहू ने थाना प्रभारी का कॉलर पकड़ लिया और वर्दी के बटन तक तोड़ दिए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और भाजपा कार्यकर्ता राकेश साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हंगामे की खबर मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी समेत कई भाजपा नेता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन नारेबाजी और अफरातफरी के बीच राज्योत्सव का माहौल बिगड़ गया।
जश्न का मंच उस रात राजनीतिक टकराव के रण में तब्दील हो गया — जहां संगीत की जगह हंगामे की आवाजें गूंजती रहीं।