राज्य सरकार द्वारा युवाओं के शैक्षणिक उत्थान और बेहतर भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजीव युवा उत्थान योजना के अंतर्गत नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कराने हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना नियमावली वर्ष 2019 के प्रावधानों के तहत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के कुल 185 सीटों (एसटी–50, एससी–30, ओबीसी–20) पर चयन किया जाएगा। प्रत्येक वर्ग में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवतियों को भी अवसर मिल सके। योजना की कंडिका-04 के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों को अध्ययन अवधि के दौरान सभी निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आवेदन 20 नवंबर 2025 से प्रारंभ होकर 10 दिसंबर 2025 की रात 12 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। प्राक्-चयन परीक्षा 28 दिसंबर 2025 को आयोजित होगी। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना, पात्रता मानदंड, परीक्षा केंद्र सहित अन्य सभी विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाईट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि सभी अपडेट वहीं से प्राप्त करें।