पंडरिया नगर स्थित जैन मंदिर में 23वें तीर्थंकर प्रभु श्री पार्श्वनाथ के जन्मकल्याणक महोत्सव का आयोजन जैन समाज द्वारा भव्यता एवं श्रद्धाभाव से किया गया। इस पावन अवसर पर पंडरिया सहित मुंगेली, कवर्धा, दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के विभिन्न अंचलों से बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबी शामिल हुए।
महोत्सव की शुरुआत प्रातः 6 बजे भक्ताम्बर पाठ, गुरु इकतीसा एवं पूजन-पाठ से हुई। रायपुर से पधारी श्रीमती चाँदनी बोहरा के सान्निध्य में जन्मकल्याणक पूजन संपन्न हुआ, जिसमें समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात प्रभु परमात्मा का भव्य वरघोड़ा नगर भ्रमण पर निकला, जिसमें पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता रही। जुलूस के दौरान नगरवासियों को प्रसादी का वितरण किया गया।

रात्रिकालीन भक्ति संध्या में राजनांदगांव से पधारे भजन गायक विकास बाफना ने भक्तिमय भजनों से वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में समाज के प्रमुख पदाधिकारियों एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रभु जन्म के अवसर पर माता को आए चौदह स्वप्नों की बोलियों एवं महाआरती में समाजजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
समस्त कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन ट्रस्ट कमेटी, युवा साथियों एवं महिला मंडल के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में श्री खरतरगच्छ जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री हरीश जैन ने सभी सहयोगकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


