कबीरधाम जिले के पंडरिया स्थित पंजाब एजेंसी कृषि केंद्र में 4 लाख 10 हजार रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने नंद राम श्रीवास (37), निवासी ग्राम घोंठा, थाना पांडातराई को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर नकदी, चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल सामग्री सहित कुल 3 लाख 2 हजार 80 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 14-15 अक्टूबर की दरमियानी रात कुकदूर तिराहा स्थित कृषि केंद्र में सेंधमारी कर काउंटर की दराज से नकदी चोरी की गई थी। दुकान संचालक अमरीक सिंह सलूजा की रिपोर्ट पर थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। उसकी निशानदेही पर 1,49,080 रुपये नकद, करीब 1,32,000 रुपये कीमत के चांदी के लच्छे की एक जोड़ी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और लोहे का सब्बल जब्त किया गया। घटना के दौरान पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं। जब्त नकदी और अन्य सामग्री की अनुमानित कुल कीमत 3,02,080 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध चौकी बैजलपुर में भी चोरी का मामला दर्ज है। उसे 22 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना पंडरिया पुलिस और साइबर थाना टीम की भूमिका रही। मामले की विवेचना जारी है।