जिले के थाना बोडला अंतर्गत चौकी पौड़ी क्षेत्र के ग्राम बैहरसरी से लापता हुए युवक कोमल वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच में सामने आया कि कथित ब्लैकमेलिंग, दबाव और आपसी विवाद ने आखिरकार एक युवक की जान ले ली। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरी में भरकर दूसरे थाना क्षेत्र में फेंक दिया था, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। जानकारी के अनुसार ग्राम बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा 28 मई 2026 को घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा था। परिजनों ने 29 मई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। इसी बीच थाना पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोंढा में एक खेत के पास बोरी में बंद युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान कोमल वर्मा के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की अंतिम लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच ग्राम बैहरसरी निवासी मंदाकिनी वर्मा तक पहुंची। पूछताछ में महिला ने बताया कि मृतक कथित रूप से उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करता था तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार दबाव बना रहा था। महिला के अनुसार मृतक कई बार उसके साथ जबरन संबंध भी बना चुका था। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाली रात मृतक ने फिर महिला से संपर्क किया और मिलने का दबाव बनाया। महिला ने उसे अपने घर बुलाया। घर पहुंचने पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान घर निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले लोहे के बड़े पाना से उस पर हमला किया गया। शोर-शराबा सुनकर महिला का पति रामस्नेही वर्मा भी जाग गया। इसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर कोमल वर्मा की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर में छिपाकर रखा। अगले दिन साक्ष्य मिटाने की नीयत से रामस्नेही वर्मा ने अपने भाई रूपेश वर्मा को घटना की जानकारी दी। दोनों भाइयों ने शव को बोरी में भरा और ट्रैक्टर के माध्यम से थाना पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोंढा ले जाकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया। आरोपियों को उम्मीद थी कि शव दूसरे थाना क्षेत्र में मिलने से जांच की दिशा भटक जाएगी, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार पूछताछ ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में रामस्नेही वर्मा, निवासी ग्राम बैहरसरी, चौकी पौड़ी, थाना बोडला, जिला कबीरधाम, मंदाकिनी वर्मा, निवासी ग्राम बैहरसरी, चौकी पौड़ी, थाना बोडला, जिला कबीरधाम तथा रूपेश वर्मा, निवासी ग्राम बैहरसरी, चौकी पौड़ी, थाना बोडला, जिला कबीरधाम शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238(3) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं मृतक के परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।