कवर्धा। बच्चों की प्रतिभा को पहचानने, रचनात्मक सोच विकसित करने और उन्हें किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर कवर्धा में बाल दिवस के अवसर पर आनंद मेला, कौशल बोध मेला एवं टैलेंट शो का आयोजन किया गया। 14 और 15 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता का प्रदर्शन किया।
14 नवंबर को बाल दिवस पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रातःकालीन सभा आयोजित की। इसमें कक्षा 3 से 12 तथा नर्सरी से कक्षा 2 तक के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम हुए। शिक्षकों ने एंकरिंग, सुविचार, सामान्य ज्ञान, रोचक तथ्य, सामूहिक गायन, नृत्य, भाषण और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
15 नवंबर को आनंद मेला एवं कौशल बोध मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए। ब्राउनी, पापड़ी चाट, दही पुरी, मसाला भेल, गुलाब जामुन, स्वीट कॉर्न, सैंडविच और हॉट कॉफी सहित अनेक व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। इन स्टॉलों के माध्यम से बच्चों ने खाद्य सामग्री तैयार करने के साथ उसके प्रबंधन, मूल्य निर्धारण, बिक्री और आपसी समन्वय जैसे व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, जिम्मेदारी और उद्यमशीलता की समझ विकसित करना रहा।
कौशल बोध मेले में विद्यार्थियों ने स्वयं तैयार की गई हस्तनिर्मित एवं डीआईवाई वस्तुओं का प्रदर्शन किया। इस गतिविधि ने बच्चों को अपनी कल्पनाशीलता को उपयोगी उत्पादों में बदलने का अवसर दिया। वहीं रिंग टॉस, बॉल टॉस, लकी स्पिन और ग्लास हिट जैसे खेलों ने आयोजन को मनोरंजक बनाया।
नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए टैलेंट शो एवं फैशन शो आयोजित किया गया। नन्हे बच्चों ने छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉक्टर, आर्मी ऑफिसर और झांसी की रानी जैसी वेशभूषा धारण कर अपनी प्रस्तुतियां दीं। रैंप वॉक, एकल गायन, नृत्य तथा अभिभावकों के साथ युगल प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों को मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर आशीष अग्रवाल एवं अभिषेक अग्रवाल उपस्थित रहे। प्राचार्या श्रीमती ग्रेसिया ऐन फीग्रेड ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिभा की सराहना की।
दो दिवसीय आयोजन का मुख्य संदेश यह रहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने, नए प्रयोग करने, टीम भावना से काम करने और वास्तविक जीवन की चुनौतियों को समझने के अवसर भी मिलने चाहिए। विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता से आयोजन उत्साहपू