रायपुर। करोड़ों रुपये के तेंदूपत्ता घोटाले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ACB-EOW की टीम ने गुरुवार सुबह सुकमा के तत्कालीन वनमंडलाधिकारी (DFO) अशोक पटेल को रायपुर स्थित एक बंगले से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, 2015 बैच के IFS अधिकारी अशोक पटेल पर वर्ष 2021-2022 में तेंदूपत्ता संग्राहक मजदूरों के करोड़ों रुपये के बोनस का भुगतान न करने का आरोप है। न तो यह रकम मजदूरों के खातों में ट्रांसफर की गई, न ही उन्हें नगद भुगतान किया गया। मामले के उजागर होने के बाद राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से पटेल को निलंबित कर दिया था।
ACB और EOW की संयुक्त जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उच्च अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। तेंदूपत्ता घोटाले को लेकर आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
नोट: यह मामला तेंदूपत्ता संग्राहकों के हक की राशि के गबन से जुड़ा हुआ है, जिसे लेकर शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।