प्रदेश में बढ़ते अपराध और लचर कानून व्यवस्था के बीच नेशनल हाईवे-130 पर दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिलासपुर-रायपुर मार्ग पर स्कूटी सवार महिला से झपटमारी करने वाले तीन आरोपियों में से दो को मुंगेली पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है, जबकि एक अभी भी फरार है। घटना ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना 29 अप्रैल की है जब तिल्दा नेवरा निवासी ईश्वरी कैवर्त अपने बेटे के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। चंद्रखुरी ओवरब्रिज के पास तीन युवकों ने बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल से उनके पास आकर महिला के हाथ से पर्स झपट लिया और फरार हो गए। पर्स में 21,000 रुपए नगद, एक मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड और चार्जर था।
घटना की सूचना मिलते ही मुंगेली पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन पर सरगांव थाना और साइबर सेल की विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र से दो आरोपियों – विकास यादव और मंजित जांगड़े को गिरफ़्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया और लूट की रकम को आपस में बाँटने की जानकारी दी।
पुलिस ने विकास यादव के पास से 2450 रुपए और घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर बाइक जब्त की, जबकि मंजित जांगड़े के पास से 2500 रुपए और छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपीगणों को दिनांक 05 मई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
यह वारदात एक बार फिर यह दर्शाती है कि प्रदेश में अपराधी किस हद तक बेखौफ हो गए हैं। दिनदहाड़े हाईवे पर महिलाओं को निशाना बनाना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। ऐसे में जरुरत है कि सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाया जाए ताकि आम नागरिक निर्भय होकर अपने गंतव्य तक पहुँच सकें।