कवर्धा, जिला परिवहन कार्यालय कवर्धा में एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) नंबर प्लेट के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 9 और 10 मई 2025 को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा।
जिला परिवहन अधिकारी श्री एम.एल. साहू ने जानकारी दी कि यह शिविर उन सभी वाहनों के लिए है जो 1 अप्रैल 2019 से पूर्व पंजीकृत हैं। इसमें मोटरसाइकिल, कार, ऑटो, टैक्सी, हल्के व मध्यम श्रेणी के मालवाहक वाहन, बसें, स्कूल बसें आदि शामिल हैं। इन सभी वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाना अनिवार्य है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शिविर स्थल पर ही पूरी की जाएगी। इसके लिए वाहन मालिकों को अपने वाहन की आरसी, आधार कार्ड की प्रति और मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा।
शुल्क विवरण निम्नानुसार है:
2 पहिया वाहन: ₹366
3 पहिया वाहन: ₹427
4 पहिया वाहन: ₹656
भारी वाहन: ₹706 इसके अतिरिक्त सीएससी/पीएसके फॉर्म भरने हेतु अतिरिक्त शुल्क भी देय होगा।
श्री साहू ने बताया कि जिन वाहन मालिकों द्वारा 9 और 10 मई को आवेदन किया जाएगा, उनके वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट 12 और 13 मई को उसी कार्यालय परिसर में लगाया जाएगा।
जिला परिवहन विभाग ने सभी संबंधित वाहन मालिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर अनिवार्य एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाएं और नियमों का पालन सुनिश्चित करें।