कवर्धा, किसानों की सुविधा को देखते हुए प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) योजना के तहत पंजीयन की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। अब कबीरधाम जिले के किसान 22 मई 2025 तक अपनी फसलों के लिए पंजीयन करा सकते हैं। यह जानकारी जिला कृषि विभाग के उप संचालक श्री अमित कुमार मोहंती ने दी।
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली और सोयाबीन तथा रबी विपणन वर्ष 2025-26 में चना, मसूर और सरसों की बुवाई करने वाले किसान इस अवधि में पंजीयन करा सकेंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों से संपर्क कर निर्धारित दस्तावेजों के साथ सेवा सहकारी समितियों में आवेदन जमा करें। इसके बाद उनका पंजीयन किसान पोर्टल (kisan.cg.nic.in) के माध्यम से किया जाएगा।
सरकार ने घोषित किए एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य):
अरहर: ₹7,550/क्विंटल
मूंग: ₹8,682/क्विंटल
उड़द: ₹7,400/क्विंटल
मूंगफली: ₹6,743/क्विंटल
सोयाबीन: ₹4,892/क्विंटल
चना: ₹5,440/क्विंटल
मसूर: ₹6,425/क्विंटल
सरसों: ₹5,650/क्विंटल
उपार्जन केंद्रों की व्यापक व्यवस्था: जिले में विभिन्न विकासखंडों के लिए उपार्जन एवं भंडारण केंद्र अधिसूचित किए गए हैं। कवर्धा, बोड़ला, पंडरिया और सहसपुर लोहारा के प्रमुख समितियों और वेयरहाउस को इन कार्यों के लिए नामित किया गया है।
किसानों से अपील: श्री मोहंती ने जिले के सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे 22 मई तक अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से कराएं ताकि वे इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाकर अपनी उपज को उचित मूल्य पर बेच सकें।