कवर्धा,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जून को देश के सर्वोच्च पद पर सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 11 ऐतिहासिक वर्ष पूर्ण किए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह 11 वर्ष नवभारत के निर्माण, जनकल्याण, राष्ट्रसुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व के युग के रूप में इतिहास में दर्ज हो चुके हैं।
भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व केवल राजनैतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण, आर्थिक सशक्तिकरण, नारी उत्थान, कृषक विकास और राष्ट्रीय गौरव की परिभाषा बन चुका है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, और डिजिटल क्रांति से लेकर रक्षा क्षेत्र में सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदमों ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की योजनाएं — जैसे जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, पीएम किसान सम्मान निधि, स्टार्टअप इंडिया, स्वनिधि योजना, महतारी वंदन योजना और ड्रोन दीदी योजना — ने देश के आम नागरिकों के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया है। डिजिटल इंडिया के तहत भारत आज पेपरलेस, लाइनलेस और टाइमलेस अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो चुका है।



