कवर्धा
श्रावण मास की पुण्य बेला में पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किलोमीटर की ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा आज सम्पन्न हुई। सात दिवसीय इस यात्रा में 300 से अधिक कांवड़ियों ने भाग लिया, जो घने जंगलों, बीहड़ रास्तों, उफनती नदियों और बारिश की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को पार करते हुए भक्ति, उत्साह और संकल्प के साथ अपने गंतव्य तक पहुँचे। यात्रा का समापन भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ हुआ।
भगवामय हुआ कबीरधाम
यात्रा के अंतिम दिन बोड़ला से रवाना होकर दोपहर में जब कांवड़ यात्रा भोरमदेव मंदिर पहुँची तो 15,000 से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और “हर हर महादेव” के नारों से पूरा जिला भगवामय हो गया। रास्ते भर सामाजिक व हिंदू संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं, और आम नागरिकों ने आत्मीय स्वागत कर इस यात्रा को जन-जन की यात्रा बना दिया।
नारी शक्ति का संदेश
यह छत्तीसगढ़ में पहला अवसर है जब किसी महिला जनप्रतिनिधि ने जनता की सुख-समृद्धि की कामना के साथ इतनी कठिन और लम्बी कांवड़ यात्रा पूरी की हो। इस पहल ने नारी शक्ति, आस्था और नेतृत्व का एक प्रेरणादायक संदेश दिया है।

भावुक हुईं विधायक भावना बोहरा
भोरमदेव मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण के पश्चात श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विधायक बोहरा ने कहा,“यह यात्रा मेरे जीवन की अमिट स्मृति है। यह केवल शरीर की नहीं, आत्मा की यात्रा थी। शिवभक्ति, समर्पण और छत्तीसगढ़ की जनता के स्नेह से यह संभव हो सका।”
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का विशेष आभार प्रकट किया, जिन्होंने फोन पर शुभकामनाएं देकर पूरे जत्थे का हौसला बढ़ाया।



