राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रांतीय सम्मेलन में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को बड़ी सफलता मिली है। लवन तहसील में पदस्थ पटवारी श्री भावेश वर्मा को रायपुर संभाग का संभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति रविवार को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में आयोजित संघ के प्रांतीय सम्मेलन में की गई।
राजस्व पटवारी संघ का प्रांतीय निर्वाचन 29 जून को प्रदेशभर के संभाग मुख्यालयों में संपन्न हुआ था, जिसमें रायगढ़ के भागवत कश्यप पुनः प्रांताध्यक्ष, कवर्धा के निर्मल साहू प्रांतीय सचिव, और बिलासपुर के प्रमोद टंडन प्रांतीय कोषाध्यक्ष चुने गए थे। इसी क्रम में प्रांतीय कार्यकारिणी के विस्तार के तहत भावेश वर्मा को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई।
भावेश वर्मा, जो वर्ष 2017 बैच के पटवारी हैं, पूर्व में जिला सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनके संभागाध्यक्ष बनने से बलौदाबाजार जिले के पटवारियों में उत्साह की लहर है। जिला अध्यक्ष रसपाल सिंह सेन, बलौदा बाजार तहसील अध्यक्ष टीकाराम यादव और लवन तहसील अध्यक्ष आसिफ अली ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताया और कहा कि पहली बार जिले से किसी पटवारी को संभाग स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
सम्मेलन में बलौदाबाजार से रसपाल सेन, तरुण वर्मा, वेदव्यास साहू, शिकेश ध्रुव, पलास ठाकुर और संदीप पैकरा भी उपस्थित रहे। सभी ने भावेश वर्मा को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।