कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने करोड़ों की ठगी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में उन मास्टरमाइंड्स को पकड़ा गया, जिन्होंने निवेश पर 10 प्रतिशत प्रतिमाह लाभांश और एक वर्ष बाद मूल राशि लौटाने का लालच देकर निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी की थी।
प्रकरण की शुरुआत 30 अक्टूबर 2024 को हुई, जब प्रार्थी शिव सोनी ने थाना कवर्धा में रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि DYPDHURWE BROTHERS CONSULTANTS PVT. LTD./निवेश किंग नामक कम्पनी के संचालक धर्मेश धुर्वे (35), यतीन्द्र धुर्वे (29) एवं नारायण प्रसाद धुर्वे (56), निवासी मठपारा, कवर्धा ने कबीरधाम जिले में लगभग 1.39 करोड़ और अन्य जिलों सहित कुल 50 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है।



