मुख्यमंत्री से मिले भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि — कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग, “मां के नाम एक पेड़” मिशन को विस्तार देने का आग्रह
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट कर श्रमिकों और कर्मचारियों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से इन मुद्दों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।
बैठक में दुर्ग जिला भारतीय मजदूर संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष रवि चौधरी एवं स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष शरद दुबे के नेतृत्व में निर्माणी संघ के महामंत्री देवेंद्र चंद्राकार, वरिष्ठ नागरिक मंच के नलनीश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष रामवृक्ष यादव तथा भिलाई निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष शशिभूषण मोहंती सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को “मां के नाम एक पेड़” मिशन के अंतर्गत दुर्ग जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण के लिए समय प्रदान करने का आग्रह करते हुए पत्र सौंपा। साथ ही, नगरीय निकायों के कर्मचारियों की समस्याओं से संबंधित विस्तृत मांग पत्र भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें पदोन्नति व्यवस्था में सुधार, दैनिक वेतनभोगियों का नियमितीकरण, चुंगी क्षतिपूर्ति राशि को मध्यप्रदेश के तर्ज पर ₹105 प्रति व्यक्ति करने, केंद्र सरकार द्वारा घोषित महंगाई भत्ता लागू करने, दैनिक वेतनभोगियों की सेवाकाल को पेंशन में जोड़ने, पुराना पेंशन लागू करने और निकायों द्वारा भविष्य निधि की राशि का समय पर जमा एवं वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में अमर यादव, होमलाल साहू, रामेश्वर एवं चुरामन साहू भी उपस्थित रहे।