कवर्धा। नगर के सबसे व्यस्त मार्ग ठाकुर देव चौक (एन.एच. 12ए) से जुनवानी मार्ग होते हुए नवनिर्मित हाईटेक बस स्टैण्ड से ठाठापुर मार्ग जुनवानी जंक्शन तक लगभग 4.20 किलोमीटर लंबाई की सड़क निर्माण कार्य नागरिकों के लिए सिरदर्द बन गया है। बरसात के बीच शुरू हुआ यह काम न केवल कछुआ गति से चल रहा है बल्कि अव्यवस्था और लापरवाही की मिसाल बन चुका है।
सड़क निर्माण के दौरान ठाकुर देव चौक से घोटिया, जुनवानी चौक तक दोनों ओर की दुकानों को चौकीकरण के नाम पर तोड़ा गया, जिससे आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को बरसात में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं सड़क के किनारे बनाए जा रहे नाली की ऊंचाई पुराने मकानों से अधिक रखी गई है, जिसके कारण घरों में आने जाने से पिसलकर गिरने की खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य एक ओर की खुदाई कर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे रोजाना ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाएं हो रही हैं। राहगीर और वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं। शाम के समय इस मार्ग पर शराब दुकान होने से भी भीड़ बढ़ जाती है, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है।





